Advertisement
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में करीब 34.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। पहले मामले में मिसरोद निवासी और निजी बैंक से सेवानिवृत्त रोहित वर्मा को इंस्टाग्राम के जरिए शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच दिया गया। ठगों के झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में 23 लाख रुपये निवेश कर दिए, लेकिन रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। दूसरे मामले में निशातपुरा निवासी फिजियोथेरेपिस्ट नीरज तिवारी से रिश्तेदारी का फायदा उठाकर रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर 10 लाख रुपये लिए गए। आरोपी ने केवल 2 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम नहीं दी, जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
तीसरे मामले में अशोका गार्डन निवासी बाइक मैकेनिक अजहर खान के व्हाट्सएप पर आरटीओ दस्तावेज के नाम से एक APK फाइल भेजी गई। फाइल डाउनलोड करने के बाद साइबर ठगों ने उनके मोबाइल की पहुंच हासिल कर अगले तीन दिनों में पांच ट्रांजैक्शन के जरिए 1.75 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रेल की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अनजान लिंक, APK फाइल या अधिक मुनाफे का लालच देने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहने की अपील की है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |