सागर में भीषण सड़क हादसा: इंदौर-ललितपुर बस की ट्रक से टक्कर, 15 से अधिक यात्री घायल
मध्य प्रदेश के सागर जिले की बीना तहसील के खिमलासा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीरघाट के पास इंदौर से ललितपुर जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा और ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एफआरवी और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ गंभीर घायलों का इलाज बीना सिविल अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि अन्य यात्रियों ने आसपास के अस्पतालों में उपचार कराया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए पीरघाट मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने जल्द ही सामान्य करा दिया।
खिमलासा पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही जैसी संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है, हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस अन्य घायलों की जानकारी भी जुटा रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।