Advertisement
राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर भोपाल में महिला कांग्रेस ने सद्बुद्धि यज्ञ और सामूहिक उपवास का आयोजन किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1.11 लाख रुपये का चंदा दिया था और अब इस मामले में अयोध्या की अदालत में मुकदमा दायर करेंगे।
दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि उनके पास चंदे की रसीद और चेक की प्रति सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं से चर्चा के बाद वह अयोध्या जाकर न्यायालय में वाद दायर करेंगे और यदि जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर देशभर के श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ दान दिया है, इसलिए उस धन के उपयोग का पूरा और पारदर्शी हिसाब जनता के सामने आना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरएसएस और वीएचपी की आर्थिक पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए और धार्मिक संस्थाओं के संचालन में जवाबदेही की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यदि अदालत में चंदे के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो वह अपना दान वापस लेकर किसी मान्यता प्राप्त धार्मिक पीठ या शंकराचार्य के न्यास को समर्पित करेंगे। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि वह अपने घर के बाहर एक तख्ती लगाएंगे, जिस पर लिखा होगा—"मेरे घर में चंदा चोरों का प्रवेश निषिद्ध है।"
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |