बिहार की राजनीति का बड़ा केंद्र रहा पटना का 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पूरी तरह खाली हो चुका है। भवन निर्माण विभाग द्वारा तय की गई अंतिम समय-सीमा के तहत पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने परिवार के साथ इस सरकारी बंगले को छोड़ दिया है। इस बंगले से लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की दशकों पुरानी राजनीतिक यादें जुड़ी हुई थीं, जिसे अब खाली कर नए आवंटियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बंगले को खाली करने के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के तेजस्वी यादव के सरकारी आवास '1 पोलो रोड' में शिफ्ट होने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से इस बंगले का सामान तेजी से पैक कर तेजस्वी यादव के आवास और कौटिल्य नगर स्थित उनके निजी मकान में भेजा जा रहा था। राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के नाते अब 39 हार्डिंग रोड का बंगला आवंटित किया गया है, लेकिन फिलहाल पूरा परिवार एक साथ ही रहेगा।
इस बीच, बिहार सरकार ने 10 सर्कुलर रोड वाले इस प्रतिष्ठित बंगले को राज्य के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया है। लालू परिवार के इस बंगले से हटने के साथ ही पटना के इस वीआईपी इलाके में एक बड़े सियासी युग का बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रशासन अब सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत नए मंत्री के स्वागत के लिए बंगले की मरम्मत और देखरेख के काम में जुट गया है।