Advertisement
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हुए छह सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। मराठवाड़ा दौरे के दौरान परभणी और धाराशिव में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि देश में कानून का राज है तो दल-बदल करने वाले सांसदों को अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए। उद्धव ने आरोप लगाया कि ये सांसद जनता के विकास के लिए नहीं, बल्कि निजी स्वार्थ के कारण पार्टी छोड़कर गए हैं।
उद्धव ठाकरे ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने बीजेपी को 'बाबर जनता पार्टी' करार दिया। उनका कहना था कि जिस राम मंदिर के निर्माण को लेकर वर्षों तक आंदोलन चला, अब उसी मंदिर को लूट का केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने हिंदुत्व की विचारधारा और जनता के विश्वास दोनों के साथ विश्वासघात किया है।
ठाकरे ने दावा किया कि छह सांसदों का दल-बदल एक बड़े राजनीतिक अभियान का हिस्सा है, जिसे उन्होंने 'ऑपरेशन देवेंद्र' बताया। उनके अनुसार महाराष्ट्र की राजनीति और शिवसेना को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है। उल्लेखनीय है कि 22 जून को उद्धव ठाकरे गुट के छह लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए थे, जिसके बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |