Video

Advertisement


लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन में कप्तान सिंह सोलंकी की मांग, लोकतंत्र सेनानियों को मिले स्वतंत्रता सेनानियों जैसा सम्मान
Kaptan Singh Solanki , Democracy Fighters, democracy fighters

राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर से आए लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। लोकतंत्र सेनानी संघ, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में करीब दो हजार लोकतंत्र सेनानी और उनके परिजन शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश सोनी, प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता सेनानियों के समान सम्मान और दर्जा देने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों का योगदान किसी भी दृष्टि से कम नहीं है। सोलंकी ने यह भी मांग की कि लोकतंत्र सेनानियों को मिलने वाली 30 हजार रुपये मासिक पेंशन को आयकर से मुक्त किया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के समक्ष भी प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन अब तक इसे मंजूरी नहीं मिल सकी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, 95 वर्षीय वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी शांतिलाल संघवी और लक्ष्मीनारायण पाटीदार सहित कई सेनानियों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मेलन का मुख्य आकर्षण आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों का सम्मान समारोह और आपातकाल पर आधारित विशेष फिल्म का प्रदर्शन रहा। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री कृष्णा गौर, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया और विधायक रामेश्वर शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Priyanshi Chaturvedi 26 June 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.