Video

Advertisement


भोपाल ब्लाइंड मर्डर केस: पुलिस जांच में आरोपी के HIV पॉजिटिव होने का दावा, डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही टीम
Bhopal

भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित इकोलॉजिकल पार्क ब्लाइंड मर्डर मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलने का दावा किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पिछले कई वर्षों से सोशल मीडिया और ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों के संपर्क में आता था और 50 से अधिक व्यक्तियों से संपर्क या संबंध होने की बात कही है। फिलहाल पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है और आरोपी के बयान की पुष्टि के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी एक अन्य मामले में जेल जा चुका है और उस दौरान हुई चिकित्सीय जांच में उसके HIV पॉजिटिव होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि जांच एजेंसियां अभी इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी के संपर्क में आए लोगों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कैसे की जाए। इस उद्देश्य से पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले किसी प्रकार की शिकायत या आपराधिक मामला दर्ज हुआ था या नहीं।

जांच एजेंसियां आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी अन्य आपराधिक घटना या गुमशुदगी के मामले से उसका कोई संबंध तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है और अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। आरोपी 30 जून तक पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Priyanshi Chaturvedi 26 June 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.