राम मंदिर जमीन सौदों पर फिर उठे सवाल, संजय सिंह ने SIT को सौंपे दस्तावेज
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद Sanjay Singh ने राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन घोटाले और चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जांच की मांग तेज कर दी है। उन्होंने जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को पत्र लिखकर दावा किया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा जमीन खरीद में करोड़ों रुपये की अनियमितताएं हुई हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा पहले भी कई मामलों के दस्तावेज प्रशासन और मीडिया के सामने रखे गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
संजय सिंह ने एसआईटी को सौंपे गए दस्तावेजों में दावा किया है कि ट्रस्ट ने कुछ जमीनों को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदा। उनके अनुसार, वर्ष 2021 में सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी से खरीदी गई करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को 18.5 करोड़ रुपये में खरीदा गया। इसी तरह महंत मुरली दास की लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को 24 करोड़ रुपये और आलोक बंसल की करीब 9 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को 55.5 करोड़ रुपये में खरीदने का आरोप लगाया गया है। सांसद ने कहा कि इन सौदों से जुड़े दस्तावेज जांच एजेंसी को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
अपने पत्र में संजय सिंह ने कहा कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट से जुड़े कुल 11 जमीन सौदों के दस्तावेज एसआईटी को सौंपे गए हैं और इनकी गहन जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया और जांच एजेंसियों के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।