Video

Advertisement


भोपाल में ‘धूम’ स्टाइल मोबाइल लूट गैंग का पर्दाफाश, शाम 7 से 10 बजे तक बनाते थे लोगों को निशाना

भोपाल पुलिस ने स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर मोबाइल लूट और चेन स्नैचिंग करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। Bhopal के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान साहिल खान, फैजान पठान, समीर अंसारी और तालिब खान के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 22 मोबाइल फोन और चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जबकि गिरोह का सरगना सबदर अली ईरानी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह शाम 7 बजे से रात 10 बजे के बीच सक्रिय रहता था। आरोपी दो स्पोर्ट्स बाइकों पर निकलकर शहर के विभिन्न इलाकों में रेकी करते और मोबाइल पर बात करने या स्क्रीन देखने में व्यस्त लोगों को निशाना बनाते थे। पहली बाइक पर बैठे बदमाश मोबाइल झपटते थे, जबकि दूसरी बाइक बैकअप के रूप में पीछे चलती थी। विरोध करने पर आरोपी चाकू दिखाकर डराते और वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह ने अयोध्यानगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, हबीबगंज, बागसेवनिया और टीला जमालपुरा समेत कई इलाकों में 12 से अधिक वारदातें कबूल की हैं।

 

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे, जिससे सीसीटीवी फुटेज में उनकी पहचान मुश्किल हो जाती थी। लूटे गए मोबाइल गिरोह का सरगना खरीदता और उन्हें खपाने का इंतजाम करता था। पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में हुई कई अन्य लूट की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर चलते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए सतर्क रहें और सुनसान स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

Priyanshi Chaturvedi 23 June 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.