Advertisement
Central Goods and Services Tax (सीजीएसटी) जबलपुर की एंटी-इवेजन टीम ने मध्यप्रदेश के Satna में ऑनलाइन गेमिंग कारोबार से जुड़े एक बड़े कथित टैक्स चोरी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में करीब 300 करोड़ रुपये की संभावित जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। विभाग ने कार्रवाई के दौरान अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूल भी कर ली है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जांच में पता चला कि Gajic Private Limited के साथ-साथ Khelbro Private Limited और Skillbro Private Limited नाम की कंपनियां एक ही पते से संचालित हो रही थीं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तीनों कंपनियों के निदेशक भी समान पाए गए, जिनमें प्रतीक गजरानी और विपिन गजरानी के नाम सामने आए हैं। इसी आधार पर कंपनियों के वित्तीय लेन-देन और आपसी कारोबारी संबंधों की गहन जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच और डिजिटल डेटा के विश्लेषण से संकेत मिले हैं कि इन ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन किए गए। सीजीएसटी अधिकारियों का कहना है कि 300 करोड़ रुपये की संभावित कर चोरी का आंकड़ा शुरुआती दस्तावेजों पर आधारित है और जांच आगे बढ़ने पर इसमें वृद्धि हो सकती है। विभाग बैंकिंग रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेजों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर रहा है तथा दोष सिद्ध होने पर जीएसटी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई और कर की पूर्ण वसूली की जाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |