Advertisement
मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ की कुख्यात 'ठक-ठक गैंग' के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सड़क पर दुर्घटना का बहाना बनाकर अकेले कार चालकों को बातों में उलझाता था और मौका मिलते ही नकदी व कीमती सामान लूटकर फरार हो जाता था। पूछताछ में आरोपियों ने इंदौर के अलावा महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के कई शहरों में वारदात करना स्वीकार किया है। इंदौर पुलिस ने संबंधित राज्यों की पुलिस को इसकी सूचना दे दी है, ताकि वहां दर्ज मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ की जा सके।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के नाम कुलदीप, नाजिम कुरैशी, महकूज, शोएब कुरैशी और मोहम्मद शकील कुरैशी हैं, जो मेरठ के रहने वाले हैं। इनके पास से लोहे की रॉड, लाल मिर्च पाउडर और लूट में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने तीन इमली ब्रिज पर कारोबारी मनोज जैन से नकदी से भरा बैग लूटने और राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से महंगा मोबाइल फोन छीनने की वारदात भी कबूल की है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
इधर, आगामी त्योहारों को देखते हुए इंदौर पुलिस ने शहर में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर एक ही दिन में 11 आदतन बदमाशों को जिलाबदर किया गया है, जबकि पांच अन्य को नियमित रूप से थाने में हाजिरी लगाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहारों के दौरान शांति सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |