क्रिप्टो के घाटे और कर्ज से परेशान आरोपी ने रची 29.65 लाख की लूट, इंदौर पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा
मध्यप्रदेश के इंदौर में 11 जून को स्क्रैप कारोबारी मुकुल अग्रवाल से हुई 29.65 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस वारदात का मुख्य आरोपी चंद्रशेखर उर्फ चंदू मुकाती था, जो क्रिप्टोकरेंसी में नुकसान और भारी कर्ज के चलते आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि चंद्रशेखर को कारोबारी के लेन-देन की पूरी जानकारी थी, क्योंकि वह पास के एक व्यापारी के यहां काम करता था। उसने अपने साथी प्रवीण भंडारी और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कई दिनों तक कारोबारी के कर्मचारी की गतिविधियों पर नजर रखी। वारदात के दौरान बदमाशों ने फर्जी नंबर प्लेट और हेलमेट का इस्तेमाल किया ताकि पहचान छिपी रहे, लेकिन 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट के बाद वे राजस्थान के एक मंदिर पहुंचे और वहां 1 लाख 11 हजार रुपये का चढ़ावा चढ़ाया। इसके बाद इंदौर पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चंद्रशेखर भारतीय सेना का पूर्व जवान है, जिसने 16 वर्ष तक सेवा देने के बाद नौकरी छोड़ी थी। आर्थिक संकट और कर्ज के दबाव में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी लूट की साजिश रची थी।