Advertisement
इंदौर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं और एक नाबालिग से छेड़छाड़ के तीन मामले सामने आए हैं। द्वारकापुरी और खजराना थाना क्षेत्र की पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीनों मामलों में आरोपियों पर उत्पीड़न, पीछा करने और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।
द्वारकापुरी क्षेत्र में एक 20 वर्षीय युवती ने अपने परिचित युवक पर शादी के लिए दबाव बनाने, पीछा करने और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, दोनों पहले एक ही कार्यस्थल पर काम करते थे, लेकिन बातचीत बंद करने के बाद आरोपी लगातार उसे परेशान करने लगा। वहीं, खजराना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने भतीजे पर आपत्तिजनक हरकतें करने और बाथरूम में झांकने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
इसी थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग ने अपने जीजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने रास्ते में रोककर जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की और अनुचित व्यवहार किया। तीनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की तलाश व मामले की जांच की जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |