Advertisement
मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और मौसम विभाग ने भोपाल, जबलपुर समेत 35 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी से राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, रीवा, छिंदवाड़ा, ग्वालियर और अन्य कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सबसे तेज हवा सीहोर में 56 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली, जबकि भोपाल में 55 और सागर में 52 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर, बैतूल, आगर-मालवा, अशोकनगर और विदिशा सहित कई जिलों में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार आज बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सीहोर, देवास, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, जबलपुर, रीवा, सतना, कटनी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, विदिशा और अन्य जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना बनी हुई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम विभाग की आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |