Video

Advertisement


मध्य प्रदेश में प्री-मानसून का असर तेज, 18 जून तक मानसून की एंट्री के आसार
pre-monsoon , Madhya Pradesh; monsoon ,June 18.

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। शनिवार को भोपाल सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला, जहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल सामान्य से 3 से 4 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल रहने पर 18 जून तक इसके मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है। मानसून के आगमन तक प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए शिवपुरी और अशोकनगर जिलों में तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं ग्वालियर, गुना, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सागर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, कटनी, पन्ना, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्रों में आंधी-बारिश के साथ गर्मी का असर भी बना रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण अगले चार दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने के संकेत हैं।

 

शनिवार को हुई बारिश और तेज हवाओं का असर कई जिलों में देखने को मिला। नर्मदापुरम जिले के इटारसी क्षेत्र में पेड़ गिरने, बिजली लाइनें टूटने और यातायात प्रभावित होने जैसी घटनाएं सामने आईं। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भोपाल में 39.1, इंदौर में 38.1 और जबलपुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान शिवपुरी में 33 डिग्री और सबसे अधिक तापमान राजगढ़ में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है।

Priyanshi Chaturvedi 14 June 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.