BJP के ‘बूथ के भूत’ रजनीश अग्रवाल राज्यसभा पहुंचेंगे, संगठन में लंबे काम का मिला इनाम
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी संगठन में रजनीश अग्रवाल को ‘बूथ का भूत’ कहा जाता है, क्योंकि वे बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति के विशेषज्ञ माने जाते हैं। वर्ष 2021 से उन्होंने प्रदेश के करीब 65 हजार बूथों के डिजिटाइजेशन, बूथ वर्गीकरण और सूक्ष्म स्तर तक संगठन मजबूत करने का काम संभाला। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा का वोट शेयर बढ़ाने की रणनीति में भी उनकी अहम भूमिका रही।
राज्यसभा उम्मीदवार चयन के दौरान भाजपा नेतृत्व के सामने कई दिग्गज नेताओं के नाम थे। इनमें पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, डॉ. अरविंद भदौरिया, कैलाश विजयवर्गीय, मुन्नालाल गोयल और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। हालांकि पार्टी ने ऐसे नेता को प्राथमिकता दी, जिसे हाल के चुनावों में अवसर नहीं मिला और जिसने लंबे समय तक संगठन में रहकर काम किया हो। इसी कारण रजनीश अग्रवाल ने कई बड़े नामों को पीछे छोड़ते हुए राज्यसभा की टिकट हासिल की।
सागर जिले के मंडीबामोरा निवासी रजनीश अग्रवाल का राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुआ था। पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई और पर्दे के पीछे रहकर चुनावी प्रबंधन को मजबूत किया। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि संगठन के लिए उनकी प्रतिबद्धता और बूथ स्तर तक की पकड़ ने उन्हें राज्यसभा के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार बनाया है।