डीएनबी 2025 सत्र: ओपीजेआर पर जॉइनिंग अनिवार्य, एनबीईएमएस ने जारी किया नोटिस
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने 2025 सत्र के डीएनबी ब्रॉड स्पेशियलिटी और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पोर्टल फॉर जॉइनिंग एंड रजिस्ट्रेशन (OPJR) पर अपनी जॉइनिंग और सेल्फ-अप्रेजल प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। यह प्रक्रिया मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) के माध्यम से सीट आवंटित अभ्यर्थियों, राज्य सरकार, रेलवे, पीएसयू या ईएसआईसी इन-सर्विस कोटा के उम्मीदवारों पर लागू होगी।
एनबीईएमएस के अनुसार, ओपीजेआर पोर्टल 9 मार्च से सक्रिय होगा और अभ्यर्थियों को 9 अप्रैल तक अपनी जॉइनिंग औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। अस्पतालों को 30 अप्रैल तक दस्तावेजों और अभ्यर्थियों के सेल्फ-अप्रेजल का सत्यापन करना होगा। अभ्यर्थियों को पोर्टल पर सेल्फ-अप्रेजल फॉर्म भरना अनिवार्य है, जबकि अस्पताल जॉइनिंग रिपोर्ट (Annexure-A) अपलोड कर आवंटन विवरण की पुष्टि करेगा।
इन-सर्विस उम्मीदवारों का प्रशिक्षण तभी शुरू माना जाएगा जब वे अपनी मूल संस्था से औपचारिक रूप से कार्यमुक्त (Relieve) होंगे। सभी प्रक्रियाओं और सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को अस्थायी पंजीकरण पत्र जारी किया जाएगा, जो आगे के सत्यापन पर निर्भर करेगा। एनबीईएमएस ने स्पष्ट किया है कि गलत जानकारी या भ्रामक विवरण मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है और बिना अनुमति जॉइनिंग तिथि में कोई बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।