कांग्रेस ने पीएम मोदी के इस्राइल दौरे को लेकर जताया विरोध, कहा- ‘फलस्तीनियों को छोड़ दिया गया’
कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने फिलिस्तीनियों को बेसहारा छोड़ दिया है। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे समय में इस्राइल का दौरा कर रहे हैं जब गाजा में नागरिकों पर हमले जारी हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार फिलिस्तीन के प्रति दिखावटी और पाखंडपूर्ण बयान देती है, लेकिन हकीकत में उसने उन्हें छोड़ दिया है।
जयराम रमेश ने कहा कि वेस्ट बैंक में हजारों फिलिस्तीनियों को बेदखल और विस्थापित किया जा रहा है और इसका वैश्विक स्तर पर विरोध हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस्राइल और अमेरिका ईरान पर हवाई हमलों की योजना बना रहे हैं, बावजूद इसके प्रधानमंत्री मोदी अपने मित्र नेतन्याहू से मिलने इस्राइल जा रहे हैं। रमेश ने कहा कि नेतन्याहू न्यायपालिका की आजादी को कमजोर कर रहे हैं और भारत का रुख फलस्तीन के प्रति पाखंडपूर्ण है।
प्रधानमंत्री मोदी 25 फरवरी से दो दिवसीय यात्रा पर इस्राइल पहुंचेंगे। इस दौरान वे इस्राइली संसद नेसट को संबोधित करेंगे और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तथा राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। इस दौरे को लेकर विपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि प्रोटोकॉल के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख को आमंत्रित नहीं किया गया, तो वे पीएम के संसद संबोधन का बहिष्कार करेंगे।