Advertisement
शिवपुरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा विधायक रमेश खटीक के शिक्षक भाई और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम नरवर थाने के सामने करैरा से गुजर रहे विधायक के भाई की बाइक को पुलिस ने रोका। हेलमेट न पहनने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, विधायक के भाई भाग्यचंद्र खटीक, जो निजामपुर विद्यालय मगरौनी में शिक्षक हैं, शाम करीब पौने पांच बजे नरवर से मगरौनी जा रहे थे। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने हेलमेट न होने पर बाइक रोकी। पुलिस द्वारा दीवानजी से बात करने को कहे जाने के बावजूद वह वहां से जाने लगे। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली, जिस पर भाग्यचंद्र खटीक भड़क गए और पीछे दौड़कर पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की कर दी।
विवाद के दौरान विधायक के भाई ने पुलिसकर्मी को धमकाया, जिस पर पुलिसकर्मी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं किसी का नौकर नहीं हूं, वर्दी उतार दूं क्या?” बाद में मामला शांत हुआ और हेलमेट न पहनने पर 300 रुपये का चालान काटा गया। नरवर थाना प्रभारी विनय सिंह यादव ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान इस तरह की कहासुनी हो जाती है, आरोपी ने खुद को विधायक का भाई नहीं बताया था और नियमानुसार चालान काटकर बाइक जाने दी गई।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |