Advertisement
महाराष्ट्र के चंद्रपुर से नागपुर जा रहे कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों को कथित रूप से अगवा करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे के पास चंद्रपुर नगर निगम (सीएमसी) के पार्षदों से भरी बस को कुछ लोगों ने रोक लिया और कांग्रेस पार्षदों को जबरन बस से उतारने का प्रयास किया। समय पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस के पहुंचने से स्थिति नियंत्रण में आ गई। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता विजय वडेट्टीवार के समर्थन वाले 17 से 18 पार्षद नागपुर जा रहे थे, जहां नगर निगम चुनाव के बाद उनके गुट का पंजीकरण होना था। शाम करीब 5.45 बजे येलाकेली टोल प्लाजा के पास चार से छह वाहनों में आए लगभग 20 नकाबपोश लोगों ने बस को घेर लिया। शिकायतकर्ता पार्षद राजेश अडूर के मुताबिक, हमलावरों ने पार्षदों को जबरन नीचे उतारने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में तनाव और झड़प की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही सवांगी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नागपुर निवासी कनैन सिद्दीकी को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अडूर की शिकायत के आधार पर आरोपी और पांच अन्य चिन्हित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों की तलाश जारी है। यह घटना 10 फरवरी को होने वाले चंद्रपुर महापौर चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर चल रहे सत्ता संघर्ष के बीच सामने आई है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |