Advertisement
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंदसौर जिले में भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में 25 करोड़ रुपये की लागत से बने पशुपतिनाथ लोक का लोकार्पण किया। लोकार्पण से पहले उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ की पूजा-अर्चना कर यज्ञ और आरती में भाग लिया और “जय श्री पशुपतिनाथ” का जयघोष किया। इससे पहले मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने भावांतर भुगतान योजना के तहत प्रदेश के 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में 200 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। इस दौरान 65 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों की बात की, लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया, इसी वजह से जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। सीएम ने कहा कि 2028 का चुनाव आ रहा है और कांग्रेस को फिर से घर बैठाना है। उन्होंने किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले किसानों को सम्मान निधि तक नहीं मिलती थी, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ। साथ ही सोयाबीन के बाद सरसों और मूंगफली को भी भावांतर योजना में शामिल करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने मंदसौर जिले की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह जिला भगवान पशुपतिनाथ के आशीर्वाद से समृद्ध है और यहां कृषि, दुग्ध उत्पादन व औषधीय फसलों में बंपर उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश के सबसे कम बेरोजगारी वाले राज्यों में तीसरे स्थान पर है। मंदसौर की वीरता का उल्लेख करते हुए सीएम ने महाराजा यशोधर्मन और हाल की घटना में जान जोखिम में डालने वाले मनोहर सिंह का जिक्र किया और बताया कि उनके बेटे को पुलिस विभाग में नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |