Advertisement
कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पार्टी के 140 साल के इतिहास और योगदान को याद किया। इस अवसर पर संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। खरगे ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस हमेशा भारतवासियों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम करती रही है। उन्होंने महात्मा गांधी और कांग्रेस के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके सपनों का भारत बनाने के लिए काम करती रहेगी।
खरगे ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं और कांग्रेस द्वारा बनाए गए कानूनों को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और बीजेपी नेताओं ने देश के संविधान, तिरंगा झंडा और वंदे मातरम का अनादर किया है। उन्होंने मनरेगा, वन अधिकार और भूमि अधिग्रहण जैसे जनहित कानूनों को नष्ट करने और पूंजीपतियों के लिए कानून बनाने का विरोध किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि जल, जंगल और जमीन पर खतरा बढ़ रहा है और जनता के अधिकारों को छीनने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार फर्जी आंकड़ों से खेल रही है और समाज के कमजोर वर्गों के हितों के खिलाफ नीतियां बना रही है। वहीं, उन्होंने 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना और पार्टी के देशहित, लोकतंत्र और समावेशी विकास के आदर्शों को याद करते हुए सभी देशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |