Advertisement
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार के दो वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं और जिला स्तर पर किए गए कार्यों की दो पुस्तकों का विमोचन किया। उन्होंने सबसे पहले नक्सल-मुक्त मध्य प्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि 1995 की भयावह घटनाओं के बाद कोई ठोस रणनीति नहीं बनी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मंडला, डिंडोरी और बालाघाट जैसे इलाकों में नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया कर दिया। उन्होंने बताया कि अब नक्सलियों में सरेंडर करने की होड़ लग गई थी। सिंहस्थ 2028 को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियों का भी जिक्र किया, जिसमें शिप्रा नदी को पुनर्जीवित कर प्राकृतिक जल से स्नान व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
सीएम मोहन यादव ने बताया कि वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया गया। इस दौरान ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में पहली बार बड़े निवेशकों का आगमन हुआ। प्रदेश को देश का पहला पीएम मित्र पार्क मिला, 55 पीएम एक्सीलेंस कॉलेज और कई मेडिकल कॉलेज खोले गए। टूरिज्म के क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवा, GIS भोपाल जैसी नई पहचान और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष काम हुआ। ऊर्जा विभाग में रिकॉर्ड सुधार और उद्योग विस्तार को लेकर सरकार ने अभूतपूर्व प्रयास किए।
महिलाओं और किसानों के लिए किए गए कदमों पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है। किसानों के लिए 2600 रुपये गेहूं के भाव और सोयाबीन पर भावंतर का लाभ दिया जाएगा। गौ-संरक्षण हेतु अनुदान बढ़ाकर 40 रुपये किया गया है और दूध उत्पादन को 20% तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सायबर तहसील, ई-बस सेवा, साइंस सिटी व रिसर्च सिटी जैसे प्रोजेक्ट प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देंगे। नशे के कारोबार के खिलाफ जन अभियान चलेगा और 19 स्थानों पर शराब की दुकानें बंद रहेंगी। सीएम ने दोहराया— “हर कमिटमेंट पूरा करेंगे।”
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |