Advertisement
राजधानी भोपाल से पश्चिमी मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले तक अब सीधी, तेज और सुगम यात्रा का रास्ता बनने जा रहा है। मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम ने एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड फोरलेन हाईवे के निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रस्तावित 258 किमी लंबे इस फोरलेन के बनने से वर्तमान मार्ग की तुलना में 100 से 150 किमी तक दूरी कम हो जाएगी। यह सड़क जमीन से 8–10 फीट ऊंचाई पर और बेहद कम मोड़ों के साथ बनाई जाएगी, जिससे वाहनों की गति और सुरक्षा दोनों बढ़ेगी। छोटे वाहन 100 किमी प्रति घंटा और भारी वाहन 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे, जिससे मंदसौर से भोपाल की यात्रा मात्र 3.5–4 घंटे में पूरी हो सकेगी।
यह फोरलेन नयाखेड़ा (मंदसौर) से शुरू होकर रतलाम, आगर, शाजापुर और सीहोर से होते हुए भोपाल तक पहुंचेगा। इसका लाभ न केवल मंदसौर और नीमच के यात्रियों को मिलेगा, बल्कि राजस्थान के प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और उदयपुर के लोगों को भी तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। सड़क विकास निगम ने डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं और रिपोर्ट स्वीकृत होने पर यह नई सड़क दो वर्षों में बनकर तैयार हो सकती है। मौजूदा 340–410 किमी की दूरी अब घटकर सिर्फ 258 किमी रह जाएगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। साथ ही नए मार्ग से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |