Advertisement
उज्जैन । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर की प्रंबंध समिति द्वारा उमा सांझी महोत्सव आज (बुधवार) से 21 सितंबर तक मनाया जाएगा। इसके तहत मंदिर परिवार के पुरोहित एवं पुजारीगण प्रतिदिन रंगोली सज्जा करेंगे और माण्डने बनाएंगे। भगवान महाकाल के विभिन्न मुखारविंद की झांकी सजाई जाएगी।
इस संबंध में मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन बुधवार को प्रात: शासकीय पुजारी पं.घनश्याम शर्मा द्वारा घट स्थापना की जाएगी। संध्या आरती पश्चात वसंत पूजा होगी। वहीं सायं साढ़े सात बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम अन्तर्गत प्रीति देवले का लोक गायन और स्वाति उखले का लोक नृत्य समुह में प्रस्तुत होगा।
महोत्सव के तहत 22 सितंबर को कन्या भोज होगा वहीं 23 सितंबर को माता पार्वती रजत पालकी में विराजकर नगर भ्रमण करेंगी। सवारी महाकाल चौराहा, तोपखाना, दौलतगंज चौराहा, सराफा, छत्रीचौक से होते हुए मां शिप्रा के तट तक जाएगी। जवारे और संजा विसर्जन के बाद सवारी कहारवाड़ी, बक्षी बाजार होते हुए महाकालेश्वर मंदिर लौटेगी।
उल्लेखनीय है कि महाकाल मंदिर में उमा-सांझी महोत्सव एक पांच दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव है, जो हर साल अश्विन कृष्ण पक्ष एकादशी से शुरू होता है और लोक संस्कृति पर आधारित होता है। इसमें प्रतिदिन शाम की आरती के बाद लोक गायन, लोक वादन व लोक नृत्य के कार्यक्रम होते हैं। महोत्सव के समापन पर उमा माता की सवारी निकाली जाती है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |