Advertisement
सूखी सेवनिया इलाके में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक महिला की बोरे में बंद लाश बरामद की गई है। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसे कंबल में लपेटकर बोरे में बंद किया गया था। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
सूखी सेवनिया थाना प्रभारी एमके मिश्रा ने बताया कि सुबह 11 बजे कल्याणपुर ब्रिज के पास रेल पटरी पर बोरे में बंद लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर शव को बोरे से बाहर निकलवाया गया। महिला के सिर में चोट के निशान मिले हैं। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष है। वह लाल रंग की सलवार और सफेद डिजाइनदार फुल बांह का कुर्ता पहने हुए थी। बोरे में महिला की चप्पल भी मिली हैं। उन पर सोने फुटवेयर लिखा हुआ है।
महिला के दाएं हाथ पर गोदने से दिल का चिन्ह बना है और कमल और रिंकू लिखा हुआ है। इसी तरह उसके बाएं हाथ पर फूल बना हुआ है और शांतिबाई रमेश भाई नाम लिखा है। शव की तलाशी और घटनास्थल के आसपास ऐसा कुछ नहीं मिला,जिससे महिला की पहचान हो सके।
टीआई मिश्रा के मुताबिक जिस स्थान पर शव बरामद किया गया है,वहां तक पैदल जाकर बोरा फेंकना मुश्किल काम है। संभावना है कि किसी ने हत्या करने के बाद महिला के शव को बोरे में बंद कर किसी ट्रेन से वहां फेंक दिया है। एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल की जांच की है। महिला का शव करीब 40 घंटे पुराना बताया गया है। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |