Advertisement
भिंड । भिंड के देहात थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बाइक सवार बदमाशाें ने पिता- पुत्र पर फायरिंग कर दी। घटना में पिता के पैर में गाेली लगने से गंभीर रुप से घायल हुए है। घायल काे ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के पीछे का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार रविवार सुबह डांग नरूआ थाना मौ क्षेत्र निवासी पंचम सिंह (62 वर्षीय) अपने छोटे बेटे राहुल (16) के साथ बाइक पर वीरमपुर में बेटी कीर्ति के घर से लौट रहे थे। दोनों मंडी जाने की कहकर निकले थे। इसी दाैरान अटेर रोड के छोलियाना इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गाली गलाैज करते हुए फायरिंग कर दी। घटना में 62 वर्षीय पंचम सिंह जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद माैके पर पहुंची पुलिस काे पंचम सिंह ने बताया कि घनश्याम सिंह, परशुराम सिंह, रामानंद, जगत सिंह और ज्ञान सिंह ने हमला किया। इसमें परशुराम और जगत सिंह पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पंचम के बड़े बेटे ज्वाला सिंह का प्रेम संबंध आरोपी की पत्नी से था। ज्वाला तीन महीने से लिव-इन में रह रहा है। इसी वजह से महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग पंचम पर दबाव बना रहे थे। इसी विवाद के चलते जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य और सीएसपी अरुण उईके ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पंचम के बयान दर्ज कर केस दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |