Advertisement
खजुराहो । खजुराहो में एक व्यक्ति ने 9 साल की बच्ची को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद ऊपर से पत्थर भी फेंके। वह अपने बड़े भाई के साथ मंदिर जा रही थी। हमलावर ने भाई पर भी पत्थर फेंके। जैसे.तैसे वह जान बचाकर भागा, लेकिन बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावर को बच्ची ने पहले किसी बात को लेकर चिढ़ाया था जिससे वह नाराज था। बारदात शुक्रवार काे राजनगर थाना क्षेत्र के देवकुलिया गांव की है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची का शव कुएं से निकलवाया। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची का नाम मोहिनी श्रीवास उम्र 9 वर्ष पुत्री मनोज श्रीवास है। वह चौथी क्लास में पढ़ती थी। अपने दादा.दादी और चाचा के साथ ग्राम देवकुलिया में रहती थी। बच्ची के परिजन दिल्ली में मजदूरी करते हैं। आरोपित गोवर्धन पटेल इसी गांव का रहने वाला है।
वारदात के समय मोहिनी का 10 साल का फुफेरा भाई भी मौजूद था। बच्चे ने बताया कि रात में हम मंदिर जा रहे थे। हम कुएं के पास पहुंचे, जहां आरोपी गोवर्धन पटेल पीछे छिपा बैठा था। उसने बहन का हाथ पकड़ा और उसे कुएं में धक्का दे दिया। मैंने शोर मचाया, तो उसने मुझ पर पत्थर फेंके। मेरे हाथ में भी चोट आई है। कुएं में गिरी बहन चिल्लाई तो आरोपी ने ऊपर से पत्थर मारे। उसका सिर फट गया। मोहिनी की मां माया ने बताया कि बेटी पूजा करने के लिए मंदिर गई थी। तभी गांव के ही गोवर्धन ने उसे कुएं में धक्का दे दिया। ऊपर से तब तक पत्थर फेंके, जब तक मर नहीं गई। साथ में ननद का लड़का भी था। वह भाग गया, लेकिन बच्ची की मौत हो गई।
खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि बच्ची ने आरोपी को कभी किसी बात पर चिढ़ाया था। इसी बात से आरोपी नाराज था। देर रात आरोपी गोवर्धन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। वह खेत में छिपा बैठा था। बच्ची के छोटे भाई का भी मेडिकल कराया गया है। बच्ची के परिजन और आरोपी के बयान लिए जा रहे हैं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |