Advertisement
रीवा । रीवा के चार तीर्थयात्री प्रदेश के अन्य तीर्थयात्रियों के साथ नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। जिला प्रशासन के प्रयासों से गुरुवार को चारों तीर्थयात्री अपने घर पहुंच गए हैं। परिजनों के बीच पहुंचकर यात्रियों ने संतोष की सांस ली।
जनसम्पर्क अधिकारी उमेश तिवारी ने बताया कि तीन दिन पूर्व भूस्खलन की घटना में मध्य प्रदेश के 23 यात्रियों का पूरा दल नेपाल में फंस गया था। इसमें जबलपुर, डिण्डौरी तथा अन्य जिलों के यात्रियों के साथ रीवा के चार तीर्थयात्री शामिल थे। इनमें रीवा शहर के बेलौहन टोला निवासी एक ही परिवार के देवराज पटेल, उनकी पत्नी श्यामकली पटेल, उनकी पुत्री लक्ष्मी पटेल तथा पुत्र यशराज पटेल शामिल थे। भारत सरकार तथा मध्यप्रदेश सरकार ने लगातार प्रयास करके नेपाल सरकार के सहयोग से इन यात्रियों को संकट से सुरक्षित निकाला। सभी यात्री मंदिर के समीप धर्मशाला में ठहराए गए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने इन यात्रियों से मोबाइल फोन पर संपर्क किया। यात्रियों को दो अक्टूबर को सड़क मार्ग से नेपाल से गोरखपुर पहुंचाया गया। नायब तहसीलदार रायपुर कर्चुलियान सुमित गुप्ता को विशेष वाहन से यात्रियों को रीवा लेकर आने के लिए भेजा गया। नायब तहसीलदार गुप्ता गुरुवार को सभी यात्रियों को लेकर रीवा पहुंचे। इन यात्रियों को नगर निगम के वार्ड नम्बर 26 नमो नगर बेलौहन टोला में उनके घर पहुंचाया गया। उन्होंने संकट में प्रशासन द्वारा की गई मदद और रीवा तक पहुंचाने के लिए की गई व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |