Advertisement
भोपाल । राजधानी भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को तिरंगा यात्रा की शुरूआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुभाष नगर आरओबी से तिरंगा लहराकर की। कार्यक्रम में दो बार ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हाकी टीम के मिड फील्डर विवेक सागर और शूटिंग में दो बार के ओलम्पियन व अर्जुन अवार्डी ऐश्वर्य प्रताप सिंह शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओलंपियन विवेक सागर और ऐश्वर्य प्रताप सिंह काे सम्मानित भी किया।
तिरंगा यात्रा धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है और लोग हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए उत्साहित दिखे। इसके साथ ही यात्रा में देशभक्ति गीत गूंजते रहे। इस मौके पर कई स्कूलों, कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए हैं। यात्रा काे देखते हुए तीन ओर से ट्रैफिक बंद किया गया है। भोपाल में यात्रा के स्वागत के लिए जगह-जगह 101 मंच लगाए गए हैं, जिनसे सभी समाजों, सभी वर्ग के लोग पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत करेंगे। तिरंगा यात्रा प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन से रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म-1 तक जाएगी।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और महापौर मालती राय समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लिए शामिल हुए। यात्रा में चल रह बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाओं में उत्साह नजर आ रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |