Advertisement
देवास । जिले के मक्सी थाना क्षेत्र में आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग (एबी रोड) पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां सिरोलिया ब्रिज पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कार में देवास के चिकित्सक डॉ. प्रमोद जैन, उनकी पत्नी उषा जैन, बीएसएनएल के सेवानिवृत्त अधिकारी आरके जोशी और उनकी पत्नी आशा जोशी सवार थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे एबी रोड पर मक्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरोलिया ब्रिज पर उनकी कार डिवाइडर में जा घुसी। सूचना मिलते ही मक्सी थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल तत्काल फोर्स के साथ घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से उपचार के लिए देवास रवाना किया।
थाना प्रभारी भीमसिंह पटेल ने बताया कि देवास में निजी अस्पताल में डॉक्टर प्रमोद जैन की पत्नी उषा जैन और सेवानिवृत्त बीएसएनएल अधिकारी जोशी की पत्नी आशा जोशी को मृत घोषित कर दिया गया। उनके शव जिला अस्पताल भेजे गए। वहीं, डॉ. प्रमोद जैन और सेवानिवृत्त अधिकारी आरके जोशी को गंभीर हालत में इंदौर रैफर किया गया है। उनकी हालत भी बेहद चिंताजनक बताई जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |