Advertisement
मुंबई। वर्ली हिट एंड रन मामले में मुख्य आरोपित मिहिर के पिता राजेश शाह को शिवसेना शिंदे समूह ने अपनी पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही इस हादसे में मृत महिला के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से दस लाख रुपये की मदद दी जाएगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दी है।
एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि इस मामले में सरकार मृतक परिवार के प्रति पूरी तरह से संवेदनशील है। पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर तरह की मदद की जाएगी। दरअसल, मुंबई के वर्ली हिट एंड रन मामले में शिवसेना शिंदे समूह के उपनेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह पर नशे में धुत होकर गाड़ी चलाते हुए दुपहिया वाहन को ठोकर मारने का मामला दर्ज हुआ था। इस घटना में कावेरी नाखवा नामक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनके पति प्रदीप नाखवा घायल हो गए।
इस घटना के बाद शिवसेना यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने आज घायल प्रदीप नाखवा व उनके परिवार से मुलाकात की और इस मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप लगाया। आदित्य ठाकरे ने इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की मांग की है जबकि शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत ने कहा था कि आरोपित सत्तापक्ष का उपनेता है, इसी वजह से इस मामले में पुलिस को दबाव में काम करना पड़ रहा है। इसके बाद शिवसेना शिंदे समूह ने उपनेता राजेश शाह को पार्टी से निकालने का निर्णय लिया है। इस मामले में पुलिस ने राजेश शाह को गिरफ्तार किया था लेकिन उन्हें कोर्ट ने जमानत दे दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपित मिहिर शाह , उनकी मां और बहन सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |