Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से चालक उसके नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को सीधा कराया और शव को बाहर निकाला। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी अनुसार चौपड़ा गांव निवासी मथुरा प्रसाद (55) पुत्र जगन्नाथ सेन ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। गांव के ही एक खेत में शनिवार की तड़के सुबह बोवनी होना थी। इसके लिए मथुरा को बुलाया गया था। शुक्रवार की रात 8 बजे वह खेत पर ट्रैक्टर खड़ा करने के लिए निकले थे। गांव की मुख्य सड़क से खेत पर जाने वाले कच्चे रास्ते पर उन्होंने ट्रैक्टर को उतारा। तेज बारिश के खेत में पानी भर चुका था। इससे रास्ते में फिसलन थी और ट्रैक्टर कच्चे में उतरते ही अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही मथुरा प्रसाद उसके नीचे दब गए। मृतक के भतीजे गोलू ने बताया कि करीब 40 मिनट तक चाचा ट्रैक्टर के नीचे फंसे रहे। पहले लोगों ने ट्रैक्टर को सीधा करने की कोशिश की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन को बुलाया गया। तब ट्रैक्टर सीधा और चाचा को बाहर निकाला जा सका। तब तक वह बेसुध हो चुके थे। कुछ भी बोलने की हालत में नहीं थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |