Advertisement
इंदौर। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक महिला का शव मिला है। शव को बोरी में भरकर फेंका गया है। शरीर पर चोट के निशान नहीं है, लेकिन पुलिस हत्या का मामला मान कर जांच में जुटी है। पुलिस ने बोरे को खोलने से पहले आशंका जताई थी कि उसके टुकड़े किए गए होंगे। लेकिन जब बोरे को खोला गया तो महिला के हाथ बंधे मिले हैं। एफएसएल अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। सूचना के बाद वरिष्ठ अफसर और टीआई मौके पर पहुंचे हैं। परीक्षण के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
एडिशनल डीसीपी जोन-4 आनंद यादव ने बताया कि महिला का शव सिरपुर बांक ग्राम स्थित अहमद नगर में मिला है। कॉलोनी में रहने वाली सुरैया बी ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब साढ़े छह बजे उठी तो तेज बदबू आ रही थी। उसने तत्काल बेटे शाहरुख मुल्तानी को बुलाया और बोरी के बारे में बताया। शाहरुख ने डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। थोड़ी देर में फोरेंसिक अफसर, खोजी श्वान और पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए।
एसीपी नंदिनी शर्मा के मुताबिक, महिला की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के आसपास है। उसने साड़ी पहनी हुई थी। शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं नजर आ रहे है। इसलिए मौत की कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पहनावे से महिला मजदूर वर्ग की लग रही है। पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाले जा रहे है। गुमशुदा महिलाओं की भी जानकारी जुटा रहे है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |