Advertisement
रायसेन। जिले के बरेली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर छींद मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा कर पलटी गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुरा तहसील के बिजन्हाई गांव के महेन्द्र यादव तीन अन्य लोगों के साथ शुक्रवार को अपनी बहन के मकान के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीहोर गए थे। वहां से वापस लौटते समय रात करीब 12 बजे यह हादसा हो गया। राहगीरों की सूचना पर बरेली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में 38 वर्षीय महेन्द्र यादव पुत्र जमुना प्रसाद यादव, 35 वर्षीय राजेश यादव पुत्र मुन्नालाल यादव और 28 वर्षीय राजा यादव पुत्र शंकरलाल यादव की मौत हो गई। तीनों उदयपुरा तहसील के बिजन्हाई गांव के रहने वाले थे। वहीं एक अन्य यशवंत धाकड़ को गंभीर हालत होने के चलते सिविल अस्पताल बरेली में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |