Advertisement
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार और बोलेरो की टक्कर में बुजुर्ग मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से आठ गंभीर रूप से घायलों को इंदौर रेफर किया गया है। हालांकि इस दौरान जिला अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ।
जानकारी अनुसार घटना रविवार देर रात 3:30 बजे चित्तौड़गढ़ भुसावल राज्यमार्ग पर बिस्टान नाके की है। यहां बोलेरो में सवार परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। इस दौरान नाके में होटल के सामने संजय नगर से शहर की ओर जा रही बोलेरो वाहन और बिस्टान की ओर जा रही कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बोलेरो सवार अमीन और उनकी 70 वर्षीय मां सीको बी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों गाड़ियों में 11 लोग सवार थे। इनमें से आठ लोगों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि बोलेरो में सवार शब्बीर खान, निवासी संजय नगर का पूरा परिवार इंदौर से शादी समारोह से वापस लौट रहा था। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद जिला अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने से मरीज परेशान होते रहे। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई थी। एंबुलेंस भी नहीं मिलने से परिजनों में नाराजगी थी। हालांकि, पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति को संभाला और घायलों को इंदौर भेज दिया। गंभीर घायलों में से दो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर गोविंद मुजाल्दे के भांजे बताये जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना के मामले में प्रकरण दर्ज किया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |