Advertisement
देवास। मध्य प्रदेश के देवास में रविवार सुबह एक बडा हादसा होने से टल गया। यहां महाराष्ट्र के पुणे से उत्तर प्रदेश के बलिया जा रही एक यात्री बस का टायर अचानक फटने से बस में आग लग गई। हादसा मक्सी बायपार पर हुआ। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का सारा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची बीएनपी थाना पुलिस और दमकल वाहन ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी अनुसार बस क्रमांक यूपी 81 बीटी 6685 महाराष्ट्र के पुणे से उत्तर प्रदेश के बलिया जा रही थी। इस दौरान रविवार सुबह करीब 5.15 बजे शहर के बाहर मक्सी बाईपास पर अचानक बस का टायर फट गया। टायर फटते ही जोरदार धमाके साथ बस में आग लग गई। अचानक हुई घटना में बस में सवार यात्री घबरा गए और जान बचाकर नीचे उतरे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन बस और अधिकांश यात्रियों का पूरा सामान खाक हो गया। बताया जा रहा है कि बस ओवरलोड थी। उसमें 100 से अधिक यात्री सवार थे। आशंका है कि यात्रियों से ओवरलोड होने के कारण टायर फटा और उसके बाद आग लग गई। सुबह करीब 9 बजे सभी यात्रियों को पुलिस द्वारा अन्य बस, लोडिंग वाहन, मैजिक वाहन से पास के निजी गार्डन में रुकने के लिए पहुंचाया गया।
बीएनपी थाना टीआई अमित सोलंकी ने बताया प्रारंभिक पूछताछ में 100 से अधिक यात्रियों के सवार होने का पता चला है। बस ट्रेवल्स के शिवपुरी निवासी मालिक से बात हुई है उसने दूसरी बस का इंतजाम करने की बात कही है। यात्रियों को ठहराने और उनके भोजन के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। घटना में आग से किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |