Advertisement
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को दो पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन को आज मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित अलंकरण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव (मरणोपरांत) की ओर से उनके पुत्र पी. वी. प्रभारक राव ने भारत रत्न प्राप्त किया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह (मरणोपरांत) की ओर से उनके पौत्र जयंत चौधरी ने भारत रत्न ग्रहण किया।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन (मरणोपरांत) की ओर से उनकी पुत्री डॉ. नित्या राव ने भारत रत्न प्राप्त किया। बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर (मरणोपरांत) की ओर से उनके पुत्र रामनाथ ठाकुर ने भारत रत्न प्राप्त किया।
इस मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |