Advertisement
निवाड़ी। जिले के पृथ्वीपुर नगर में गुरुवार की रात एक सर्राफा व्यापारी के साथ बदमाशों ने गहनों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी की बहादुरी से बदमाश सफल नहीं हो पाए और बाद में हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। यह घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पृथ्वीपुर नगर में सर्राफा व्यापारी राजेंद्र सोनी गुरुवार की रात अपनी दुकान बंद कर सोने और चांदी के गहनों से भरे थैले को लेकर घर जाने की तैयार में थे। इस दौरान दुकान के बाहर खड़े चार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने थैला छीनने का प्रयास किया, लेकिन सर्राफा व्यापारी की बहादुरी के कारण वे इसमें सफल नहीं हो सके। व्यापारी बदमाशों से भिड़ गया और उसने थैला नहीं छोड़ा। जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगा और परिजन आ गए। भीड़ जुटते देख बदमाश हवाई फायर करते हुए फरार हो गए।
पृथ्वीपुर थाना प्रभारी ट्विंकल यादव ने बताया कि व्यापारी के लूट की वारदात का प्रयास किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है। फुटेज में आरोपित हाथ में कट्टा लेकर लहरा रहे हैं और हवाई फायर करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। आरोपितों की तलाश जारी है। जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |