Advertisement
ग्वालियर। तीन अक्टूबर को हुई मानसून की वापसी के बाद चार अक्टूबर को रात का तापमान लुढ़क कर 17.6 डिग्री सेल्यिस पर आ गया था। जिससे देर रात में हल्की सर्दी महसूस होने लगी थी लेकिन इसके बाद यह बढ़ते-बढ़ते सोमवार को 24.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है जो औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जिससे दिन के साथ रात में भी गर्मी बढ़ गई है। मौसम विज्ञानी इसके पीछे उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य वजह बता रहे हैं।
मानसून की वापसी के बाद मौसम शुष्क रहने से दिन में काफी तेज धूप निकल रही है। जिससे अधिकतम तापमान लगातार 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही दर्ज हो रहा है। सोमवार को भी यह 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञानी बता रहे हैं कि इस समय उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसकी वजह से हवा का रुख बदल गया है। इस कारण न्यूनतम तापमान बढ़कर सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अगले चार से पांच दिन तक रह सकता है। ऐसे में फिलहाल न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद हवा का रुख उत्तरी या उत्तर-पश्चिमी होगा। जिससे न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होगी और मौसम सर्दी की ओर अग्रसर होगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |