Advertisement
अलीराजपुर। मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले में सोंडवा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यहां ग्राम फड़तला से भिताड़ा के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन (जीप) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 17 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में पांच महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को छकतला में हाट बाजार था। यहां ग्राम भिताड़ा के ग्रामीण पिकअप वाहन से हाट में खरीदारी करने के लिए आए थे। हाट करने के बाद ग्रामीण पिकअप में सवार होकर भिताड़ा की ओर लौट रहे थे। यात्रियों का कहना है कि वाहन में क्षमता से कई अधिक लोग सवार थे। मार्ग में फड़तला से भिताड़ा के बीच वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रिदास अवासिया (26) निवासी भिताड़ा व मुन्ना कोठारिया (28) निवासी छोटी गेंद्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भिताड़ा निवासी जमना वेरसिंह, रमसिया वेरसिंह, राकेश सस्तिया, रमिया दरसिया, सायमा केवा, मुकेश, किरमल, सेतू, पूचिया, वालसिया, जेवंती पुटिया, रेखा डावर आदि घायल बताए गए हैं।
मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद कार में लगी आग
इधर, बड़वानी जिले में रविवार देर शाम मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। किसी अज्ञात वाहन से टक्कर के बाद डस्टर कार में आग लग गयी। वहीं इस दुर्घटना में कार सवार पति-पत्नी और एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |