Advertisement
भोपाल। शहर के बैरागढ़ थाना इलाके में शुक्रवार तड़के गणेश विसर्जन समारोह के जुलूस में बज रहे डीजे की धुन पर नाचने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बैरागढ़ थाना पुलिस के अनुसार, चंद्रप्रकाश तेजवानी नामक युवक श्रीगणेश विसर्जन समारोह में शामिल झांकी के साथ पैदल चल रहा था। साथ ही वह उत्सव समिति के युवकों के साथ डीजे की धुन पर डांस भी कर रहा था। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे डीजे की धुन पर नाचने की बात पर उनका जुलूस में शामिल जानसन, कोहेनूर और कुलदीप नाम के युवकों से विवाद हो गया। गाली-गलौच से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान तीनों युवकों ने मिलकर चंद्रप्रकाश पर तलवार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। जुलूस के आसपास मौजूद पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उनके घर पर दबिश भी दी, लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चल सका। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |