Advertisement
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में कर्ज से परेशान एक आदिवासी किसान ने आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह उसका शव उसी के खेत में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि अतिवृष्टि के कारण फसलें खराब होने से किसान पर कर्ज बढ़ गया था। इसी से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। पूरे मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार पंधाना तहसील के ग्राम गोराड़िया में आदिवासी किसान पंढरी पुत्र बंशी 48 वर्षीय ने अपने खेत में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव उसी के खेत में फांसी पर लटका हुआ देखा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव का पोस्टमार्टम कर स्वजनों को सौंप दिया गया है। पूरे मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणाें का कहना है कि पहले वर्षा की लंबी खेंच और बाद में अतिवृष्टि ने फसलें बर्बाद कर दी हैं। जिससे किसान पर करीब तीन लाख रुपये का कर्ज हो गया था। मृतक किसान की पत्नी राजकुमारी ने कहा कि सोयाबीन की फसल खराब होने के बाद से पति मानसिक रूप से परेशान और गुमसुम रहते थे। मृतक के चार बच्चे हैं। इनमें तीन लड़की, एक लड़का शामिल है। किसान को बेटियों की शादी की भी चिंता थी।
पंधाना एसडीएम कुमार शानु देवरिया ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी यह सामने आई है कि किसान नशे का आदी था। उस पर कितना कर्ज था इसकी जानकारी निकालने के लिए पटवारी को निर्देश दिए गए हैं।फिलहाल मामला जांच में है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |