Advertisement
बालाघाट। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को बालाघाट जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मलाजखंड के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शिवप्रसाद धुर्वे को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। सीएमओ ने एक ठेकेदार से बिल पास करने के एवज में रकम मांगी थी, जिसकी शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरबड़े ने बताया कि ठेकेदार सुशील सिंह चंदेल ने शिकायत करते हुए बताया था कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के 39 लाख 9 हजार 906 रुपये का बिल निकालने और एक टेंडर को लेकर सीएमओ ने दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की है। जांच में शिकायत सही पाई गई। बालाघाट कलेक्टर द्वारा गुरुवार शाम को अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इसमें शामिल होने के लिए सीएमओ मलाजखंड भी कलेक्टर कार्यालय बालाघाट पहुंचे थे। सीएमओ ने रिश्वत की रकम लेकर ठेकेदार को कलेक्टर कार्यालय बुलाया था। सीएमओ ने जैसे ही ठेकेदार से रिश्वत की रकम लेकर रखी, उसी समय लोकायुक्त ने दबिश देकर उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त ने आरोपित सीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |