Advertisement
सीहोर। शहर कोतवाली थानांतर्गत गंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पारिवारिक विवाद में एक महिला ने धारदार हथियार से अपने देवर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गंज स्थित डोहर मोहल्ला निवासी जितेंद्र राठौर उर्फ तोतला (30) पुत्र कमलेश राठौर का उसकी भाभी लक्की बाई से गुरुवार की रात से विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने छुरी से अपने देवर पर हमला कर दिया। इस दौरान ससुर कमलेश राठौर को भी सिर में चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के बाद जितेन्द्र को गंभीर हालत में भोपाल रैफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, जितेन्द्र के पिता कमलेश का गंभीर हालत में जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी विकास खींची ने बताया कि नगर के गंज क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या हो जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस को आरंभिक जांच में पता चला है कि रात भर से जितेंद्र के परिवार में लगातार विवाद हो रहा था। वाद-विवाद इतना बढ़ गया कि सुबह उसकी हत्या हो गई। मामले में हत्या का आरोप मृतक की भाभी लक्की बाई पर है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |