Advertisement
मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ के पास महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर मंगलवार सुबह एक निजी यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 21 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि घायलों में से किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं। हादसे की शिकार बस इंदौर से भीलवाड़ा जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदौर से चलकर भीलवाड़ा जा रही सरकार उपकार ट्रेवल्स की निजी यात्री बस अचानक बेकाबू होकर सड़क के बीच पलट गई। दुर्घटना सुबह 6 बजे के करीब हुई। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री नींद में थे। हादसे का शिकार हुई यात्री बस में करीब 36 यात्री सवार थे। दुर्घटना में बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए जिन्हें एंबुलेंस की मदद से मल्हारगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश मरीजों को घर भेज दिया गया। वहीं करीब 4 लोगों को हाथ और पैर में फ्रेक्चर आए है। हालांकि इनमें कोई गंभीर घायल नहीं है। मामले में मल्हारगढ़ पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |