Advertisement
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हिंदू धर्म इस्लाम से कहीं ज्यादा पुराना है। हिंदू धर्म सबसे पुराना धर्म है। केवल 10-20 मुसलमान मुगल सेना का हिस्सा बनकर भारत आए, बाकी का धर्म परिवर्तन कर दिया गया।गुलाम नबी पिछले दिनों डोडा जिले के 10 दिन के दौरे पर थे। उन्होंने ये बयान 9 अगस्त को डोडा में थाथरी इलाके में एक सभा को संबोधित करते हुए दिया था, जिसका वीडियो अब वायरल हो गया है।जो वीडियो सामने आया है, उसमें गुलाम कह रहे हैं- मैंने पार्लियामेंट में बहुत चीजें कहीं, जो आप तक यहां नहीं पहुंचीं। हमारे एक नेता ने कहा था कुछ लोग बाहर से आए थे। मैंने कहा, कोई अंदर या बाहर से नहीं आया भारत में। इस्लाम तो आया ही 1500 साल पहले। हिंदू धर्म बहुत पुराना है। तो बाहर से आए होंगे 10-20, जो मुगलों की फौज में थे। बाकी तो सब हिंदू से कन्वर्ट हो गए मुसलमान हिंदुस्तान में। उसकी मिसाल हमारे कश्मीर में है। कश्मीर में कौन था 600 साल पहले, सब कश्मीरी पंडित थे। सब मुसलमान बन गए। सब इसी (हिंदू) धर्म में पैदा हुए।73 साल के गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस में 50 साल तक रहने के बाद अलग होने का फैसला किया था। पिछले साल 26 सितंबर को उन्होनें अपनी पार्टी डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी लॉन्च की थी। कांग्रेस से अलग होने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा था कि 2013 में जब राहुल गांधी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष का पद संभाला तो उन्होंने पूरे परामर्श तंत्र को ध्वस्त कर दिया था।आजाद ने यह भी दावा किया था कि पार्टी में सभी वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को दरकिनार कर दिया गया और अनुभवहीन चाटुकारों की एक नई मंडली ने पार्टी के मामलों को चलाना शुरू कर दिया था।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |